एटा। पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी किए गए जनरेटर का आर्मेचर, एक मोबाइल और तांबे के तार की दो गुच्छियां बरामद हुई हैं। गिरफ्तार आरोपी रोहित कुमार जैथरा थाना क्षेत्र के गांधी नगर मोहल्ले का निवासी है। पुलिस ने उसे बृहस्पतिवार रात अलीगंज बाईपास के पास सर्विस रोड से गिरफ्तार किया।
कोतवाली देहात थाना प्रभारी केके लोधी ने बताया कि 19 सितंबर को सहावर रोड स्थित लक्ष्मी पैलेस मैरिज होम के बाहर खड़े जनरेटर से उसका अल्टरनेटर खोलकर चोरी कर लिया गया था। इस मामले में ककरा गांव निवासी जयकुमार की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वहीं इसी तारीख की रात एक दुकान का टिनशेड काटकर वेल्डिंग मशीन और तांबे का तार चोरी कर लिया गया था। दुकान में रखा जनरेटर भी क्षतिग्रस्त मिला था। इस मामले में पहले दिलीप को नामजद किया गया था लेकिन जांच में उसकी नामजदगी गलत पाए जाने पर पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश कर रही थी।
पुलिस ने जांच के दौरान रोहित कुमार का नाम प्रकाश में आने पर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पहले मामले से संबंधित जनरेटर का आर्मेचर और मोबाइल, जबकि दूसरे मामले से संबंधित तांबे के तार बरामद किए गए हैं।
-
चोरी की दो वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ की जा रही है और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। -कीर्तिका सिंह, सीओ सिटी