सकीट। एक परिवार के ही दो पक्षों के मध्य मंगलवार सुबह जमीन के मामले में विवाद हो गया। थाना सकीट के गांव बहलोलपुर में गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। जब तक सूचना पर पुलिस पहुंची एक युवक को गाली मार दी गई। घायल को सीएचसी सकीट लाया गया। वहां से मेडिकल कॉलेज और फिर आगरा रेफर कर दिया गया। मारपीट में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं।
गोली लगने से घायल दफेदार सिंह ने मेडिकल कॉलेज में बताया कि मंगलवार सुबह वह अपने खेत में गड्ढा खुदवा रहा था। उसी समय परिवार के धीरेंद्र, मुनेंद्र व कुछ अन्य लोग आकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर लाठी-डंडा लेकर जानलेवा हमला कर दिया। शोर सुनकर परिजन और पिता दयाराम सिंह बचाने पहुंचे तो मामला बढ़ गया और इन लोगों ने बंदूक निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। घर के लोग डरकर भागने लगे, तब तक एक गोली आकर सीधी उसके पेट में लग गई। परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सकीट लेकर पहुंचे। यहां से चिकित्सक ने हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। यहां पहुंचने पर चिकित्सक ने आगरा रेफर कर दिया।
वहीं, दूसरे पक्ष के मुनेंद्र कुमार का आरोप है कि दफेदार सिंह ने दादी की पेंशन बंधवाने के नाम पर लगभग पौने चार बीघा जमीन अपने नाम करा ली। इसी बात के चलते पहले भी विवाद हुआ था। मंगलवार को हम लोग मिट्टी डाल रहे थे, तो दफेदार सिंह और इसके पिता दयाराम आकर गालियां देने लगे। विरोध करने पर बाप-बेटे व इनके अन्य साथियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इनकी ओर से बेरहमी के साथ की गई पिटाई के कारण उसके साथ ही पत्नी रीना देवी और छोटे भाई की पत्नी रीता देवी भी घायल हो गईं। सभी का मेडिकल कॉलेज मेें उपचार चल रहा है।
वर्जन-
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। गोली लगने से घायल हुए दफेदार सिंह को बेहतर चिकित्सा के लिए आगरा रेफर किया गया है। किसी भी पक्ष की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है, मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। -कीर्तिका सिंह, सीओ सकीट