एटा। कोचिंग जा रहे 2 छात्र बाइकों की भिड़ंत में गंभीर रूप से घायल हो गए। इनको मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं दूसरे हादसे में खेत से घर लौट रहा किसान सड़क पार करते समय लोडर वाहन की चपेट में आकर घायल हो गया। तीनों घायलों का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
थाना निधौली कलां के गांव रामपुर निवासी सुशांत और प्रशांत बृहस्पतिवार की सुबह कस्बा में कोचिंग के लिए जा रहे थे। रास्ते में गांव होर्ची के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से इनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निधौली कलां पहुंचाया। यहां से चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां इलाज चल रहा है।
वहीं दूसरी घटना में गांव उद्दनपुर रामनगर कोतवाली देहात निवासी सूबेदार सिंह बुधवार की देर रात खेत से घर लौट रहे थे। रास्ते में सड़क पार करते समय लोडर वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन लेकर मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी आए। यहां उनका उपचार किया जा रहा है।