उत्तर प्रदेश के एटा में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शनिवार की देर रात हुए सड़क हादसों में महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। आसाराम बापू के आश्रम जाते समय महिला की स्कूटी से स्कॉर्पियो कार टकरा गई। जबकि दूसरे हादसे में कार की चपेट में आने से युवक की जान चली गई।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गांव विरामपुर निवासी पुष्पा देवी (75) रविवार देर शाम अपने धेवते गुलशन के साथ स्कूटी पर बैठकर आसाराम बापू के आश्रम में जा रही थीं। गुलशन के भाई अरुण पचौरी ने बताया कि स्कूटी कोतवाली देहात में जीटी रोड किनारे स्थित एसके कॉलेज के सामने पहुंची, तभी स्कार्पियो से टक्कर हो गई।
हादसे में गुलशन और उसकी नानी पुष्पा देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद पुष्पा देवी को आगरा रेफर कर दिया। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
बागवाला थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम सत्तारपुर के समीप बाइक पर जा रहे जीजा-साले की कार से टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में राजेंद्र सिंह निवासी नगला डांडा थाना जैथरा व इनका साला उपेंद्र सिंह निवासी दहेलिया पूठ थाना जसरथपुर घायल हो गए। दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। चिकित्सक ने राजेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं उपेंद्र सिंह का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शव का पोस्टमार्टम कराया है।