एटा। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में 12 घंटों के अंतराल में तीन लोगों को लाया गया। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसमें एक वृद्ध बुखार से पीड़ित थे। वहीं दो लोगों की मौत की वजह हृदय रोग बताया गया।
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में रविवार की रात करीब 8ः30 बजे विनोद कुमार (52) निवासी जीसुखपुर को लाया गया। पुत्र बृजेश कुमार ने बताया कि शाम को अचानक उनके सीने में दर्द हुआ। थोड़ी देर बाद पसीना आने लगा। तबीयत ज्यादा खराब होने पर इमरजेंसी लेकर आए जहां चिकित्सकों ने हार्ट अटैक से मृत घोषित कर दिया। वहीं सोमवार को सुबह 8 बजे भंवरपाल (70) निवासी सकीट रोड को लाया गया।
पुत्र ललित ने बताया कि उन्हें दो दिन से बुखार आ रहा था। प्लेटलेट भी कम थे। सुबह के वक्त वह सोकर उठे और लघुशंका के लिए गए तभी अचानक गिर पड़े। इसके बाद इमरजेंसी लेकर आए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं सुबह 8ः15 बजे जोगेंद्रपाल सिंह (47) निवासी पीपल अड्डा को लेकर आए। भाई जयप्रकाश ने बताया कि सुबह के वक्त अचानक सीने में दर्द हुआ जिसके बाद तबीयत अधिक बिगड़ गई। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर आए जहां चिकित्सकों ने हार्ट अटैक बताकर मृत घोषित कर दिया।