एटा। वीरांगना अवंतीबाई लोधी स्वशासी मेडिकल कॉलेज में संचालित चार लिफ्ट में से मंगलवार को दो लिफ्ट खराब हो गईं। मरीज व तीमारदारों को ऊपरी तल पर जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कॉलेज में ओआरएस दिवस कार्यक्रम में आईं कॉलेज प्राचार्य ने लिफ्ट बंद होने पर कर्मचारियों की जमकर फटकार लगाई।
मंगलवार को मेडिकल कॉलेज में सुबह से दो लिफ्ट खराब होने की वजह से मरीज व तीमारदारों को ऊपर बने विभागों में जाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। दोपहर करीब एक बजे प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल पांचवें तल पर जाने के लिए लिफ्ट का इस्तेमाल किया तो लिफ्ट बंद मिलीं। वहीं लिफ्ट के दरवाजे पर किसी ने सूचना लगा दी कि शाम 5 बजे से चारों लिफ्ट खराब हैं।
यह देखकर प्राचार्य भड़क गईं और कर्मचारियों को बुलाकर फटकार लगाई। गलत सूचना लगाने वाले पर कार्रवाई करने और सीसीटीवी फुटेज चेक करने के निर्देश दिए।
ओआरएस बच्चों के लिए हैं रामबाण इलाज
मेडिकल कॉलेज के पांचवें तल पर बाल रोग विभाग में विश्व ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्ट (ओआरएस) दिवस मनाया गया। यहां पर प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल ने निर्जलीकरण और दस्त से बचाव में ओआरएस घोल को रामबाण बताया। खासकर बच्चों में दस्त और पानी की कमी से होने वालीं बीमारियों के लिए यह जीवनरक्षक का काम करता है। प्राचार्य ने ओआरएस घोल का महत्व, उपयोग की विधि और समय पर सेवन की जानकारी दी। इस दौरान सीएमएस डॉ. सुरेश चंद्रा, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. शिवम, प्राचार्य एबी सिंह, नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहा।