एटा। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में एक वृद्धा सहित दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया है। राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के गांव असदपुर निवासी रुहाविल कुमार ने बताया कि बड़ा भाई 42 वर्षीय संजू 21 मई को किसी कार्य से शाम के समय बाजार गया था। गांव कैला से रात करीब नौ बजे वापस आ रहा था। इस दौरान अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जहां अलीगंज के एक नर्सिंग होम ले गए।
वहां रविवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं सकीट थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव भगवंतपुर निवासी 70 वर्षीय बृजरानी अपने पति साहिबराम के साथ सोमवार को सकीट बाजार आईं थीं। वह दोपहर के समय बाजार कर वापस जाने लगीं। इस दौरान बाजार के पास ही उन्हें एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रुप से घायल हो गईं। मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां डॉक्टर से मृत घोषित कर दिया। सकीट थानाध्यक्ष सुधीर चौधरी ने बताया कि दुघर्टना में वृद्धा घायल हो गई थी, मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनकी मौत हो गई।
दुर्घटना में 11 लोग घायल
एटा। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में 11 लोग घायल हो गए। सभी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां से दो को रेफर किया गया है।
सकीट थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव कोंची डेरा के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दो बाइकों में टक्कर मार दी। इससे थाना क्षेत्र के गांव नगला ख्वानी निवासी सोनम व सर्वेश और दूसरी बाइक पर सवार गंगनपुर निवासी सचिन व दिलीप घायल हो गए। वहीं राजस्थान के बिलौड़ा जिला निवासी गंगाराम अपनी पत्नी जमुनादेवी, बहन कजोड़ी देवी और दुर्गेश के साथ कार से कासगंज के सोरों में गंगास्नान करने आ रहे थे। इस दौरान अवागढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत बसुंधरा के पास सड़क पर एक गाय आ गई। इससे कार अनियंत्रित होकर नाले में चली गई। इसमें चारों लोग घायल हो गए। वहीं लालपुर निवासी काजल, साकिर अली व अजाज अली बाइक फिसलने से घायल हो गए। घायलों में से सर्वेश और दिलीप को मेडिकल कॉलेज से आगरा रेफर किया गया है।