एटा। जवाहर तापीय विद्युत परियोजना के श्रमिकों की मजदूरी नहीं मिलने से आए दिन हड़ताल की जा रही है। इस पूरे मामले को जिलाधिकारी ने श्रम विभाग को जांच कर मामले का निस्तारण करने के निर्देश दिए थे। अब जांच पूरी हो चुकी है और बकाया धनराशि का भुगतान सप्ताह भर के अंदर करने का रास्ता साफ हो गया है।
श्रम विभाग की जांच में सामने आया है कि 2000 हजार के करीब श्रमिकों की मजदूरी विभिन्न कंपनियों में अटकी हुई है। यह धनराशि 7 करोड़ के करीब है। इस रकम को अदा करने के लिए श्रम विभाग ने विद्युत तापीय परियोजना में कार्यरत कंपनियों को नोटिस देकर लिखित में जवाब मांगा था। इसके बाद डायनामिक, पीएनसी, सत्यम, शिवम कंस्ट्रक्शन कंपनियों ने बकाया रकम को भुगतान करने के लिए जवाब दाखिल कर सप्ताह भर में अदायगी करने का समय मांगा है। बता दें कि दो दिन पहले भी श्रमिकों ने काम-काज ठप कर विरोध जताया था।
प्रभारी श्रम प्रवर्तन अधिकारी राजबाबू ने बताया कि परियोजनो में ऐसे मजदूरों की संख्या 2 हजार के करीब है जिनको मजदूरी नहीं मिल सकी है। इनको जून माह तक का भुगतान सप्ताह भर में कर दिया जाएगा। श्रमिकों की मजदूरी की धनराशि करीब 7 करोड़ रुपये है। जिलाधिकारी के निर्देशन में जांच कर पूरी प्रक्रिया अपनाई गई है।