एटा। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत दो ऑटो की भिड़ंत में महिला और मलावन थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से वृद्ध की मौत हुई है। रिजोर थाना क्षेत्र के गांव फफोतू निवासी महाराज सिंह ने बताया कि वह अपनी 55 वर्षीय पत्नी प्रभादेवी के साथ मंगलवार को जलेसर थाना क्षेत्र के गांव अन्नियां स्थित ननिहाल गए थे। बुधवार दोपहर को वह वहां से ऑटो से लौटकर वापस आ रहे थे। मैं पीछे और पत्नी आगे की सीट पर बैठी थी। आगरा रोड पर शनि मंदिर के पास सामने से आ रहे एक अन्य ऑटो से भिड़ंत हो गई। इससे पति-पत्नी सड़क पर गिर पड़े।
पत्नी ऑटो के साथ कुछ दूर तक घिसटती चली गई। उन्होंने बताया कि गंभीर स्थिति में उन्हें मेडिकल कॉलेज लेकर आए। यहां से आगरा रेफर कर दिया। वहां बुधवार रात उनकी मौत हो गई। दूसरी घटना मलावन थाना क्षेत्र अंतर्गत सैंथरी पुल के पास की है। यहां अज्ञात वाहन ने थाना क्षेत्र के गांव शहदपुर निवासी 65 वर्षीय चरन सिंह को बुधवार शाम को टक्कर मार दी। इससे चरन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज आए। यहां से आगरा रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मलावन थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। मृतक का शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।