संवाद न्यूज एजेंसी
एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित सिविल लाइन पुलिस चौकी के ठीक सामने बृहस्पतिवार की शाम पौने पांच बजे दो युवा गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना के दौरान कुछ युवक तमंचा और पिस्टल लहराते हुए दिखाई दिए। पूरी वारदात पास स्थित एक अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद हमलावर बाइक और स्कूटी से मौके से फरार हो गए। चौकी के सामने हुई इस घटना से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय पुलिस चौकी पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। चौकी के सामने दिनदहाड़े हुई मारपीट और असलाह लहराने की घटना को लेकर स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे। सीसीटीवी फुटेज में दोनों पक्षों के बीच मारपीट और हथियार लहराते युवक स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस सक्रिय हुई और सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए करीब चार घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है तथा अन्य संबंधित लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।