एटा। जैथरा थाना क्षेत्र में परौली सुहागपुर गांव के पास रविवार को रोडवेज बस और सवारियों से भरे ऑटो की भिड़ंत हो गई। हादसे में ऑटो सवार सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैथरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को गंभीर हालत में एटा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। धुमरी की ओर से एक ऑटो रविवार को सवारी लेकर जैथरा की ओर जा रहा था। जैसे ही यह ऑटो गांव परौली सुहागपुर के पास पहुंचा सामने से आ रही रोडवेज से टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर राहगीर व आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
पुलिस को सूचना देते हुए ऑटो में फंसे लोगों को बाहर निकाला और एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैथरा पहुंचाया। यहां से चिकित्सक ने हालत गंभीर देखते हुए सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी भेज दिया।
यहां चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल गुलफान सिंह निवासी धुमरी रोड थाना पटियाली जिला कासगंज और गांव झुमरा थाना जैथरा निवासी सुक्का देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल सताना, कृष्णा, रेखा, नंदकिशोर निवासी नगला चंदन और चंद्रपाल निवासी फगनौल का उपचार मेडिकल कॉलेज के सर्जिकल वार्ड में चल रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैथरा के चिकित्सक डॉ. अखलाख ने बताया कि सात घायलों को स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था और सभी के सिर में चोटें आई थीं। सीओ अलीगंज राजेश सिंह ने बताया कि एटा की ओर से जा रहे ऑटो की अलीगंज की ओर से आ रही बेवर डिपो की रोडवेज बस से भिड़ंत हुई थी। घायल सात लोगों में दो की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे की जानकारी पर एएसपी श्वेताभ पांडेय मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचे और घायलों का हाल जाना। उन्होंने मृतकों के परिजन को सांत्वना दी।