एटा। थाना जलेसर क्षेत्र में सोमवार की सुबह नगला मितन के पास बंबे में अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। सिर में चोट होने के कारण हत्या की आशंका जताई जा रही है। इससे पहले रविवार को दो अज्ञात शव मिले थे, जिनकी दूसरे दिन भी पहचान नहीं हो सकी।
नगला मितन के पास बंबा में लगभग 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव सोमवार को मिला है। थाना प्रभारी सुधीर राघव ने बताया कि शव आधा पानी के अंदर और आधा बाहर था। सिर पर चोट का निशान है, हत्या की आशंका भी है। पास में भगवा रंग का गमछा और झंडूबाम की शीशी मिली है। युवक के शव की मौके पर ही शिनाख्त कराने के प्रयास किया गया। पहचान न हो पाने पर शव को पोस्टमार्टम गृह की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। 72 घंटे तक शव की शिनाख्त नहीं होती है तो पोस्टमार्टम करा अंतिम संस्कार किया जाएगा।
वहीं, जलेसर थाना क्षेत्र के नूंहखास के पास नहर में मिले महिला के शव और पिलुआ थाना क्षेत्र में सुन्ना नहर के पास मिले पुरुष के शव की सोमवार को भी पहचान नहीं हो सकी है। इसके अलावा पिछले सप्ताह एक कटा हुआ अज्ञात हाथ भी मिला था। उसकी भी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद हाथ का अंतिम संस्कार करा दिया। एएसपी धनंजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि शव की शिनाख्त कराने के लिए फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड की सहायता ली जा रही है।