एटा। एटा-अलीगंज-फर्रुखाबाद मार्ग के गड्ढे सियासी सुर्खियों में आ गए हैं। दो दिन पहले ही यहां गड्ढे में बाइक जाने से एक महिला की मौत हुई थी। अब सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने एक्स और फेसबुक अकाउंट पर इसका वीडियो और पोस्ट डाली है।
इस मार्ग को कई बार गड्ढामुक्त कराने के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा चुके हैं। हर साल गड्ढे भरे जाते हैं, लेकिन चंद दिनों में ये फिर खुल जाते हैं। इस साल भी बरसात से पहले काम कराया गया और सड़क को पूरी तरह गड्ढामुक्त करने का दावा लोक निर्माण विभाग ने किया था, लेकिन बरसात पूरी तरह खत्म नहीं हुई और सड़क पुरानी स्थिति में आ गई है, इससे कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
24 अगस्त को बागवाला थाना क्षेत्र के अंतर्गत करतला गांव के पास इसी मार्ग पर एक बाइक का पहिया गड्ढे में आ गया। गांव ढूंढरा थाना सिढ़पुरा जिला कासगंज निवासी छत्रपाल सिंह अपनी पत्नी रामा देवी को लेकर गांव कुठिला लायकपुर में बेटी की ससुराल से लौट रहे थे। बाइक का पहिया गड्ढे में आते ही रामा देवी बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़ीं और उनकी मौत हो गई। इसके अलावा तमाम ऐसे हादसे होते रहते हैं, जिनमें लोग जख्मी हुए हैं।
अब लोगों के इस दर्द को सपा मुखिया अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट से हवा दे दी है। एटा-अलीगंज मार्ग पर जैथरा कस्बे का एक वीडियो पोस्ट किया है। जिसमें सड़क जर्जर हाल में दिख रही है। लिखा भी है... ये है गड्ढों से भरी फर्रुखाबाद-अलीगंज-एटा की हिचकोले खाती सड़क। जिसके गड्ढा मुक्त करने के फंड से भाजपा के विधायकों की जेबों के गड्ढे भरे गए। इसे आखिरी बार अच्छी तरह से देख लीजिए, क्योंकि जब सपा की तरफ से ये समाचार बनकर भाजपा सरकार के सामने आएगा तो देखिएगा कल से ही इस सड़क का उद्धार होना शुरू हो जाएगा। ये बात हम इस आशा से कह रहे हैं कि हमें उम्मीद है कि भ्रष्टाचारियों की बेशर्म आंखों में भले कोई लोक-लाज न हो पर मन में जनता का कुछ डर तो होगा ही। हैश टैग किया है - नहीं चाहिए भाजपा। यह पोस्ट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है और तमाम लोग इस पर सहमति-असहमति जताकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
पीडब्ल्यूडी करा रहा मरम्मत कार्य
हालांकि अखिलेश यादव के पोस्ट करने से पहले ही पीडब्ल्यूडी ने इस जगह मरम्मत कार्य शुरू करा दिया था। गड्ढों को भरा भी जा रहा है। रविवार के बाद सोमवार को भी काम चलता।
जैथरा कस्बा क्षेत्र में नाला चोक होने से पानी सड़क पर आता है, जिससे ये खराब हो जाती है। यहां 850 मीटर की सीसी सड़क बनाने के लिए मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा गया है। फिलहाल यहां मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। -ललित अग्रवाल, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी