एटा। अलग-अलग स्थान पर खौलता पानी गिरने से बुधवार को 2 बालक झुलस गए। परिजन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लाए। यहां से उपचार के बाद राहत मिलने पर घर ले गए।
पहली घटना में गांव सरजनपुर थाना बागवाला निवासी ललित कुमार ने मेडिकल कॉलेज में बताया कि बुधवार की सुबह गैस चूल्हे पर भगौने में पानी खौल रहा था। पास में ही 2 वर्षीय भाई प्रशांत खेल रहा था। खेलते हुए वह बिना देखे पीछे हटा और भगौने से टकरा गया। इसकी वजह से खौलता हुआ पानी उसके ऊपर पलट गया। चीख सुनकर परिजन उसके पास पहुंचे और मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लाए।
दूसरी घटना में कोतवाली देहात के गांव हीरापुर निवासी धर्मेंद्र ने बताया कि 3 वर्षीय भतीजे गनेश को नहलाने के लिए बाल्टी में गर्म पानी रखकर उसकी मां छत पर चली गईं। उसी समय गनेश ने खौलता हुआ पानी जग में भरकर अपने ऊपर डाल लिया। इस वजह से वह झुलस गया और चीखने लगा। उसको मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लाए।
बरतें सावधानी-
- पानी गर्म करते समय बच्चों को दूर रखें और ख्याल रखें।
- कभी भी बिजली की रॉड से पानी गर्म करें तो उसके आसपास बच्चों को न जाने दें।
- बच्चा झुलस जाए तो तत्काल नजदीकी चिकित्सालय लेकर जाएं, घरेलू नुस्खों का प्रयोग न करें।