एटा। ओला कैब बुक कर चालक को पीटकर कार लूटने की घटना का थाना कोतवाली देहात पुलिस ने खुलासा कर दिया है। स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को लूटी गई कार सहित गिरफ्तार किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने बताया कि 7 फरवरी को मथुरा के राधिका विहार मंडी चौराहा से एटा के लिए ओला कैब बुक की गई थी। मथुरा के जमुनापार क्षेत्र के ग्राम भूतिया निवासी चालक भगवान स्वरूप बुकिंग मिलने पर दो युवकों को कार से एटा लेकर आए। आरोप है कि अलीगंज मार्ग पर कुसाड़ी के पास दोनों युवकों ने उनको पीटा और कार लूट कर भाग गए।
उन्होंने बताया कि एसएसपी श्याम नारायण सिंह के निर्देशन में गठित टीमों ने कैब बुकिंग में प्रयुक्त मोबाइल नंबर की सीडीआर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद संदीप कुमार निवासी अनरुद्धापुर थाना कुदरकोट जिला ओरैया और दुर्बीन सिंह उर्फ लउवा निवासी नगला डांडी थाना भरथना जिला इटावा को भरथना-विधूना रोड स्थित डांडी मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया।
इसके अलावा उनके कब्जे से लूटी गई कार भी बरामद हुई है। एएसपी ने बताया कि दुर्बीन सिंह के खिलाफ इटावा जिले के विभिन्न थानों में कई प्राथमिकी दर्ज हैं। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।