एटा। काली नदी पुल के पास बाइक में टक्कर मारकर महिला का झुमका लूटने वाले दो आरोपियों को कोतवाली देहात पुलिस ने स्वाट और सर्विलांस टीम की मदद से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया पीली धातु का झुमका, एक चेन, मोबाइल फोन, 15700 रुपये, दो तमंचे, तीन कारतूस और बाइक बरामद की गई है।
काली नदी पुल के पास 26 जुलाई की शाम दो बाइक पर सवार चार लोगों ने एक महिला और पुरुष की बाइक में टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया था। इसके बाद महिला के कान से झुमका लूटकर आरोपी अमांपुर की ओर भाग गए थे। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान मोहित व सचिन निवासी नवाबगंज नगरिया थाना सिकंदरपुर वैश्य जिला कासगंज की जानकारी मिली। दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई तो अन्य घटनाओं का भी पता चला।
सीओ सिटी कीर्तिका सिंह ने बताया कि आरोपियों ने मिरहची क्षेत्र में दुकान बंद कर साइकिल से घर जा रहे युवक-युवती से थैला लूटने का प्रयास किया था, लेकिन सफल नहीं हो सके। पूछताछ में कासगंज, फर्रुखाबाद, बरेली और शाहजहांपुर में भी लूट की घटनाओं को अंजाम देने की बात सामने आई है। इन घटनाओं से संबंधित सामान और नकदी भी बरामद की गई है। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है।