एटा। नगर पालिका फीडर की बिजली आपूर्ति 20 घंटे से ज्यादा ठप रहने से करीब 10 हजार की आबादी को खासी मुश्किल हुई। घरों में पानी की किल्लत से पूजा-पाठ और कन्या भोज में भी व्यवधान रहा। व्रत रखने वाले तमाम श्रद्धालु दोपहर बाद भोग लगा पाए।
रविवार रात 11:30 बजे के लगभग जीटी रोड पर ट्रक की टक्कर से बिजली के दो पोल क्षतिग्रस्त हो गए। इससे नगर पालिका फीडर से जुड़े मोहल्लों की आपूर्ति बंद हो गई। लोगों की रात ऐसे ही कटी। सोमवार को नवरात्र की नवमी से लोग सुबह जल्द उठ गए। पूजा और भोग के लिए इन्हें पानी की समस्या से जूझना पड़ा। मुश्किल से पानी का इंतजाम हो सका। ऐसे में दोपहर बाद कन्या भोज कराया जा सका। सोमवार शाम तक टूटे खंभों की मरम्मत नहीं हो सकी थी।