बुधवार की सायं गांव नगला रंजीत के पास सामने से आए वाहन को बचाने के प्रयास में ट्र्रैक्टर-ट्राली का पहिया सड़क से नीचे उतर गया और ट्राली पलट गई। ट्राली में बैठे किशोर सोनू (15) की मौके पर ही मौत हो गई। 35 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल 20 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
मलावन के गांव विरसिंगपुर निवासी रामप्रकाश शाक्य के यहां बुधवार से भागवत कथा शुरू हुई। पहले दिन सायं करीब चार बजे तीन ट्रैक्टर-ट्राली में भरकर लोग काली नदी से कलश भरने जा रहे थे। बताते हैं कि चालक तेजी के ट्रैक्टर चला रहा था। थाना बागवाला के गांव नगला रंजीत के पास सामने से आते वाहन को बचाने के चक्कर में ट्राली का पहिया सड़क से नीचे उतर गया और ट्राली पलट गई। ट्राली पलटने से लोगों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। खुद भी घायलों को ट्राली से निकाला। इसमें सोनू (15) पुत्र जनक सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। 35 लोग घायल हो गए। गंभीर घायल लालाराम, भीमसेन, रामनरेश, विपिन (15), अभय (10), तालेवर, भोला (13), विरमू (10), स्वीटी (8), सोहित (15), हरेंद्र (14), सचिन (12), जयचंद्र, वीरसिंह, सुनील (10), ईलू, नरवेश, राकेश, स्नेह, जावेद सभी निवासी विरसिंगपुर थाना मलावन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
सीएमएस के साथ पहुंचे अन्य चिकित्सक
इमरजेंसी में एक ही चिकित्सक थे। हादसे की जानकारी लगते ही पहुंचे सीएमएस डॉ. प्रदीप कुमार ने अन्य चिकित्सकों को बुलाया। तत्काल पहुंचे चिकित्सकों ने उपचार शुरू कर दिया। इस दौरान बिस्तर कम पड़ गए। एक-एक बेड पर दो-दो मरीजों का उपचार हुआ।