एटा। थाना कोतवाली नगर के पीपल अड्डे के पास सोमवार को एक गैस सिलिंडर से भरा हुए ट्रक जा रहा था। चालक का आरोप है कि चार लोगों ने उसे रुकवा लिया। नीचे उतारकर पीटते हुए बाइक पर बैठाकर अपहरण का प्रयास करने लगे। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस को आता देख छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया।
अलीगढ़ जिले के थाना गोंडा क्षेत्र के गांव बीठना निवासी कालू ने बताया कि वह घरेलू गैस सिलिंडर लाने ले जाने वाले ट्रक का चालक है। सोमवार को लोनी गाजियाबाद प्लांट से गैस से भरे हुए सिलिंडर लेकर फौजी गैस एजेंसी एटा आ रहा था। बाईपास से सहावर रोड से होते हुए शहर में आ रहा था। जैसे ही पीपल अड्डा के पास स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचा।
सामने से आकर 4 लोगों ने ट्रक रुकवा लिया। जब तक वह कुछ समझ पाता इन लोगों ने उसको पीटना शुरू कर दिया। गाड़ी से उतारकर बाइक पर बैठाकर ले जाने लगे। गंजडुंडवारा मार्ग पर कुछ दूर अशोक विहार पर लेकर पहुंचे। तब तक पुलिस पहुंच गई तो मुझे छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने जुगेंद्र उर्फ पप्पू नाम के व्यक्ति को पकड़ लिया।
गैस गोदाम के प्रभारी सुधीर वर्मा ने बताया कि हमारे यहां कुल 39 हॉकर काम करते हैं। जो शहर में ग्राहकों के घर तक गैस सिलिंडर पहुंचाते हैं। काफी समय से शिकायत मिल रही थी कि कुछ हॉकर सिलिंडर से गैस निकाल रहे हैं। जिसके बाद 3 हॉकर राजीव व हरी निवासी रामपुर घनश्याम और बच्चन निवासी सायपुर को 5 दिन पहले नौकरी से हटा दिया गया था। उसी के विरोध में लगभग 18 हॉकर तीन दिन से काम पर नहीं आ रहे थे। जिसकी वजह से शहर में लगभग 70 प्रतिशत ग्राहकों तक सिलिंडर नहीं पहुंच पा रहा था। सोमवार को रामपुर धनश्याम निवासी बृजेश उर्फ राजू और जुगेंद्र उर्फ पप्पू के साथ ही राजेश व लाड़ले शरन ने चालक के साथ इस प्रकार की घटना को अंजाम दिया।