ट्रेलर चालक धर्मेंद्र का फाइल फोटो
एटा। हाईवे पर रिफ्लेक्टर लगाते समय ट्रेलर चालक ऑटो की चपेट में आ गया। हादसे में दोनों ही वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देते हुए मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने ट्रेलर चालक को मृत घोषित कर दिया।
गांव पाई थाना जुरेहरा जिला डीग राजस्थान निवासी भागीरथ ने बताया कि भाई धर्मेंद्र (26) रविवार की देर रात पिलुआ थाना क्षेत्र में चौथा मील पर गाड़ी खड़ी करके रिफ्लेक्टर लगा रहे थे। उसी समय पीछे से आ रहा ऑटो टकरा गया। इसकी वजह से धर्मेंद्र व ऑटो चालक संजीव गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। दोनों घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से लेकर मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी आए। यहां चिकित्सक ने धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजन को दी। इनके पहुंचने के बाद सोमवार को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी संजय राघव ने बताया कि घायल ऑटो चालक का इलाज चल रहा है। मृतक के परिजन द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।