उमस भरी गर्मी में बिजली की अंधाधुंध कटौती और बरसात में बदहाल सड़कों से आक्रोशित व्यापारियों ने गुरुवार को सड़कों पर प्रदर्शन किया। जुलूस के रूप में कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद बिजलीघर पहुंचे, जहां पहले अधिशासी अभियंता शहर के कार्यालय, बाद में एसडीओ द्वितीय के कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। व्यापार मंडल ने चेतावनी दी है जल्द ही आपूर्ति में सुधार और सड़कें सही न हुई तो व्यापारी उग्र आंदोलन करेंगे।
बदहाल बिजली व्यवस्था से आम आदमी और व्यापारी परेशान हैं। उद्योग धंधों पर इसका असर पड़ रहा है। रात के समय होने वाली कटौती असहनीय हो रही है। बिजली को लेकर ही एक दिन पहले अवागढ़ में लोगों ने बिजलीघर का घेराव कर कर्मचारियों को बंधक बना लिया था। बिजली कटौती और बदहाल सड़कों को लेकर गुरुवार सुबह साढ़े 11 बजे एटा उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट के नेतृत्व में व्यापारी घंटाघर पर एकत्रित हुए, जहां से जुलूस की शक्ल में कचहरी रोड होते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। डीएम निधि केसरवानी को ज्ञापन साैंपा। युवा जिलाध्यक्ष अतुल राठी, शहर अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि एक साल पहले लाखों रुपये खर्च कर रेलवे रोड का निर्माण कराया गया था, लेकिन बरसात में सड़क ही नहीं इंटरलॉकिंग फुटपाथ भी उखड़ गया है। इससे रास्ता निकलना तक दुश्वार हो रहा है। इसके अलावा ठंडी सड़क, पीपल अड्डा, जीटी रोड और अन्य सड़कों की हालत भी दयनीय है। उन्होंने सीसी रोड बनवाए जाने की मांग की। साथ ही रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति देने की मांग उठाई।
इसी मांग को लेकर व्यापारी रेलवे रोड स्थित बिजलीघर पहुंचे, जहां पहले अधिशासी अभियंता शहर के कार्यालय का घेराव किया, लेकिन अधिकारी नहीं मिले, बाद में उपखंड अधिकारी द्वितीय के कार्यालय पहुंच गए, जहां कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। इस मौके पर प्रांतीय उपाध्यक्ष सुजीत देव वाष्र्णेय, एससी जैन, प्रदेश संगठन मंत्री रामजी अग्रवाल, अतुल राठी, दिनेश वाष्र्णेय, गणेश वाष्र्णेय, अनंत गुप्ता, रजनीश जैन, प्रदीप गुप्ता, कैलाश जैन, संजीव वार्ष्णेय आदि मौजूद थे।
बिल देखते ही लोगों को लगा ‘करंट’
जैथरा। बिजली विभाग के डोर टू डोर दिए बिलों को देख उपभोक्ताओं को करंट लग रहा है। कस्बे में मार्च से जुलाई तक अनाप-शनाप बढ़ोतरी कर दिए गए बिलों को देख उपभोक्ता दंग हैं। लोगों का आरोप है कि जो उन्हें बिल मिले हैं वह चार गुना ज्यादा बढ़े हुए आए हैं। जबकि पहले ऐसा नहीं था। कस्बा निवासी डा. रूपराम वर्मा, राजू पांडे, कामता प्रसाद, अवधेश कश्यय, मुनीश पांडे, सुनील गुप्ता, सुरेश दीक्षित आदि ने बढ़े बिलों को सही कराने की मांग उठाई।
घंटों लाइनमैन ले रहे शटडाउन
अलीगंज। एक तो उपभोक्ताओं को भरपूर बिजली नहीं मिल रही, ऊपर से लाइनमैन घंटों शटडाउन लेकर लोगों को गर्मी में परेशान कर रहे हैं। नगर में जर्जर तारों के चलते वैसे ही आए दिन आपूर्ति बाधित रहती है। ऊपर से लाइनमैन इन्हें सही करने के नाम पर कई घंटे तक शटडाउन ले लेते हैं, जिससे जो बिजली मिलनी चाहिए वह भी नहीं मिल पा रही है। स्थानीय अधिकारी भी इस समस्या का समाधान नहीं कर पा रहे। वैसे भी नगर में दिन में पांच घंटे और रात में सात घंटे आपूर्ति के निर्देश हैं, लेकिन ज्यादातर समय शटडाउन में निकल रहा है।