घंटों की कटौती पर भड़के विद्युत उपभोक्ताओं ने बिजलीघर का घिराव कर जमकर नारेबाजी की। सूचना पर भी नहीं पहुंचे जेई से खफा आंदोलनकारियों ने केंद्र पर मौजूद तीन कर्मचारियों को बंधकर बनाकर विरोध प्रदर्शन किया।
सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद भी टीटीजेड क्षेत्र में हो रही घंटों की बिजली कटौती पर लोगों का आक्रोश भड़क रहा है। बुधवार दिन में नौ घंटे की कटौती पर भड़के व्यापारी व अन्य उपभोक्ता बिजली घर पर पहुंच गए। सूचना के बाद भी जेई के न मिलने पर इनका गुस्सा और बढ़ गया। इन लोगों ने यहां उपस्थित तीन कर्मचारियों एसएसओ नवीन तिवारी, लाइन मैन भूरे यादव व रनवीर को रस्सियों से बांध दिया। बिजलीघर पर तालाबंदी कर जमकर नारेबाजी की। व्यापारी नेता संजीव वार्ष्णेय, धर्मेंद्रपाल सिंह, विनीत गुप्ता, गोल्डी गोयल, गणेश वार्ष्णेय, मुन्नालाल गुप्ता सभासद, नवीन गुप्ता, लक्ष्मण वार्ष्णेय आदि का आरोप है कि सर्वोच्च न्यायालय के अनवरत आपूर्ति के स्पष्ट आदेश के बाद भी बिजली विभाग घंटों की कटौती कर रहा है। इसके चलते फसलें चौपट हैं। कारोबार ठप पड़े हैं।
बुधवार की कटौती
सुबह 4.45 से सुबह 8.15 बजे तक
पूर्वान्ह 11.15 से 2.15 बजे तक
अपरान्ह 3.10 से 6.15 बजे तक