एटा। पिलुआ कस्बे के व्यापारी, ग्राहक और राहगीर बाजार में फैली गंदगी से परेशान हैं। दोनों तरफ की नालियां चोक हो चुकी हैं। गंदा पानी और कीचड़ सड़क पर बह रही है। शनिवार को व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बैठक कर इस स्थिति का विरोध जताया।
अध्यक्ष जेपी सराफ ने कहा कि अक्सर लोग इस गंदगी में फिसल जाते हैं। स्कूलों के बच्चे इसी रास्ते से गुजरते हैं। कभी-कभी गंदगी में गिर भी जाते हैं। जिसकी वजह से उन्हें चोट भी लगती है। व्यापारी गंदगी और बदबू से परेशान हैं। जिसके कारण दुकान पर बैठना कठिन हो गया है। वहीं ग्राहक गंदगी देखकर सामान लेने बाजार में नहीं आ रहे। जबकि आगामी दिनों में त्योहार भी आने वाले हैं।
राजीव बघेल ने कहा कि बाजार में सफाई कर्मचारी कभी भी सफाई करने नहीं आता। जिसकी वजह से यह समस्या पैदा हो रही है। पदाधिकारियों ने अव्यवस्था को लेकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में प्रधान नेत्रपाल वर्मा से मुलाकात कर समस्या के बारे में बताया। प्रधान ने शीघ्र ही समस्या का निराकरण कराने का आश्वासन दिया। वीके भट्ट, कुलदीप, अमित जैन, टिंकू, भूपेंद्र, हिना कादरी, विजय गुप्ता गौरव आदि व्यापारी मौजूद रहे।