डाला खुलते ही ट्रैक्टर ट्राॅली में सवार श्रद्धालुओं में चीखपुकार मच गई। तीन बालिकाओं समेत पांच लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया।
एटा के कासगंज मार्ग पर गांव सिरसा टिप्पू के पास अचानक से ट्रैक्टर ट्राॅली का डाला खुल गया। इसकी वजह से उसमें बैठी 3 बालिकाओं सहित 5 लोग गिरकर घायल हो गए। आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया। यहां उपचार चल रहा है।
विज्ञापन
पिलुआ थाना क्षेत्र के गांव गदुआ, नगला मोती और नगला सुंदर से महिलाएं एकत्रित होकर नगला बनुआ में मंशा देवी जाने के लिए निकलीं। ट्रैक्टर ट्राॅली के माध्यम से यह लोग मंदिर पर दर्शन के लिए जा रहे थे। कासगंज मार्ग पर गांव सिरसा टिप्पू के पास अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होने से ट्राॅली का डाला खुल गया।
इसके कारण उसमें बैठी हुई 14 वर्षीय राधिका निवासी नगला सुंदर, 12 वर्षीय काजल और 18 वर्षीय लक्ष्मी निवासी नगला गलुआ, 11 वर्षीय कनिष्का व 9 वर्षीय लक्ष्मी निवासी नगला मोती गिरकर घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल इन सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया। यहां उपचार के बाद सेहत में सुधार हुआ। सीओ सिटी राजेश सिंह ने बताया कि लगातार जागरूक किए जाने के बाद भी लोग ट्रैक्टर ट्राॅली से सफर करना नहीं छोड़ रहे हैं।
विज्ञापन
लगातार जोखिम ले रहे लोग
ट्रैक्टर ट्रॉली से यात्रा करना प्रतिबंधित किया गया है। समय-समय पर अभियान चलाकर लोगों को चेताया भी जाता है। इसके बावजूद लोग ट्रैक्टर ट्रॉली में यात्रा करके जोखिम ले रहे हैं। खासतौर से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगाें के लिए यह आवागमन का प्रमुख माध्यम रहता है। सख्त कार्रवाई न होने से उन पर जागरूकता अभियानों का असर भी नहीं पड़ता।