एटा। थाना कोतवाली देहात के गांव अंबारी पर एक ट्रक व ट्रैक्टर में टक्कर हो गई। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को आगरा रेफर किया गया है। वहीं एक अन्य सड़क दुर्घटना में घायल हुए दो लोगों का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
गांव मारुकपुर थाना ढोलना जिला कासगंज निवासी प्रवीन कुमार ने बताया कि वह अपने साथी जितेंद्र कुमार, प्रमोद और रूपकिशोर के साथ ट्रैक्टर में गंजडुंडवारा से इंटरलॉकिंग ईंट भरकर एटा शहर आ रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर कोतवाली देहात क्षेत्र में बाईपास पर गांव अंबारी के पास पहुंचा, तभी पीछे से ट्रक की टक्कर लगी। इससे ट्राली पलट गई और जितेंद्र व प्रमोद गंभीर रूप से घायल हो गए।
एंबुलेंस के माध्यम से उनको लेकर मेडिकल कॉलेज आए। यहां से हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर कर दिया गया है। वहीं, अन्य सड़क हादसे में विकास निवासी जखेड़ा थाना ढोलना जिला कासगंज और अवधेश निवासी बढ़ेपुरा अलीगढ़ घायल हुए हैं। इनका मेडिकल कॉलेज में ही उपचार चल रहा है।