एटा। ब्लॉक अवागढ़ में तैनात बीडीओ और ग्राम विकास अधिकारियों के बीच मारपीट हुई थी। दोनों पक्षों ने आरोप-प्रत्यारोप लगाए थे। इस मामले का अधिकारियों ने संज्ञान लिया। बीडीओ सहित ग्राम विकास अधिकारियों को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा है। इसके बाद आगे की प्रक्रिया पूरी कर कार्रवाई की जाएगी।
खंड विकास अधिकारी मोहम्मद जाकिर और ग्राम विकास अधिकारियों के बीच 27 सितंबर को मारपीट हुई थी। ग्राम विकास अधिकारी रवि कुमार, विष्णुदत्त शर्मा, प्रभात कुमार, सतेंद्र कुमार, निहाल सिंह, अजीत कुमार आदि पर बीडीओ ने आरोप लगाए। इसका सीडीओ ने संज्ञान लेकर नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। अगर नोटिस का जवाब तीन दिन के अंदर नहीं दिया जाता है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे मामले की जांच जिला विकास अधिकारी प्रवीन कुमार राय को सौंपी गई है। सीडीओ डाॅ. अवधेश कुमार बाजपेयी ने बताया कि डीडीओ को जांच सौंपी गई है। मामले में शामिल ग्राम विकास अधिकारियों सहित बीडीओ को भी नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।