बरेली की ओर जा रहे चलते ट्रक में सड़क पर झूलते विद्युत तारों की स्पार्किंग से आग लग गई। लोगों को पहले तो ट्रक में धुआं उठता दिखाई दिया, लेकिन थोड़ी ही देर में ट्रक में लदी तूरी से आग की लपटें उठने लगीं। मामले की सूचना दमकल कर्मियों को दी गई। दमकल कर्मियों ने बारह पत्थर मैदान में ट्रक खड़ा करके आग पर काबू पाया।
ट्रक में सर्कुलर रोड के शीतला माता मंदिर क्षेत्र में विद्युत तारों की स्पार्किंग से तूरी में आग लग गई। ट्रक में धुआं उठता देख लोगों ने शोर करना शुरू कर दिया। लोगों ने ट्रक के चालक को मामले की जानकारी दी, लेकिन ट्रक आगे निकल चुका था। सर्कुलर रोड पर पुलिस की निगाह भी ट्रक पर पड़ी। इसके बाद ट्रक को जैसे तैसे बारह पत्थर मैदान तक पहुंचाया गया। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग से ट्रक को कोई नुकसान नहीं हुआ केवल तूरी ही जली है। आग बुझ जाने पर ट्रक चालक और लोगों ने राहत की सांस ली। ट्रक ओवरलोड होने के कारण बिजली के तारों से छूता हुआ निकला जिससे स्पार्किंग हुई।