एटा। सपा नेताओं पर कार्रवाई हुई तो पीड़ित लोग सामने आने लगे हैं। शुक्रवार को तीन गांव के 21 लोगों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम अंकित अग्रवाल को अपनी व्यथा सुनाई। बताया कि उनकी जमीन कब्जा ली, विरोध करने पर मुकदमे लिखा दिए। करीब 250 बीघा जमीन सपा नेताओं द्वारा हड़पने का आरोप लगाया।
सकीट ब्लॉक क्षेत्र के गांव आसपुर, डुंडवारा और पुरांव के 21 किसान शुक्रवार दोपहर कलक्ट्रेट पहुंचे। डीएम को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी जमीन पर सपा नेता पूर्व जिपं अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव व पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव ने काफी साल पहले अवैध कब्जा कर लिया। उन्होंने जमीन को कब्जामुक्त कराकर जमीन दिलाने की मांग की। डीएम ने इस पर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। आसपुर के आठ, डुंडवारा के 10 और पुरांव के तीन किसानों ने शिकायत की। उनका कहना था कि अन्य कई पीड़ित लोग हैं जो अभी भी भयभीत हैं और डर की वजह से अपनी जमीन वापस मांगने तथा शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।
---------------
बोले पीड़ित
आसपुर में करीब 12 बीघा जमीन थी। इसमें खेती करते थे और घर भी बना था। करीब 20 साल पहले सपा नेताओं ने घेर ली और धमकाकर भगा दिया। विरोध किया तो हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज करा दिया। लगातार धमकी दी जा रही थीं। मथुरा के एक आश्रम में परिवार सहित रह रहे हैं। कार्रवाई की जानकारी मिली तो उम्मीद जगी है कि हमारी जमीन भी शायद वापस मिल जाए।- गीतम सिंह
-------------
पुरांव में 16 बीघा जमीन का खेत था। 2013 में सपा नेताओं ने पूरी जमीन पर कब्जा कर लिया। सिविल कोर्ट में मुकदमा दायर किया तो लूट, रोड होल्डअप के मुकदमे दर्ज करा दिए। जेल भी जाना पड़ा। कई बार प्रार्थना पत्र दिए, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इतना ही चाहते हैं कि हमारी जमीन हमें मिल जाए। जिसमें खेती कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते रहें।- सूरजपाल
------------
वर्जन
शिकायती प्रार्थना पत्र मिलते ही जांच कराई जाएगी। क्षेत्र में अवैध रूप से कब्जा किए जाने का मामला पाया गया तो कार्रवाई भी की जाएगी। - अबुल कलाम, एसडीएम सदर।