एटा। जिले में रविवार को शहर मुख्यालय पर स्थित 6 परीक्षा केंद्रों पर राजकीय प्रवक्ता भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें 2419 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा एक ही पाली में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए छह सेक्टर मजिस्ट्रेट और छह स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत सिंह ने शनिवार को बताया कि शहर मुख्यालय पर स्थित छह परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। इन केंद्रों पर कुल 2419 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए भी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। सभी केंद्रों पर एक पाली में परीक्षा होगी। सुबह 9ः30 बजे से 11ः30 बजे तक परीक्षा आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि शहर के राजकीय इंटर कॉलेज में 384 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसी प्रकार राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 384, श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज में 480, अविनाशी सहाय आर्य इंटर कॉलेज में 384 तथा प्रिटिंस गर्ल्स इंटर कॉलेज में 384 अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया है। वहीं जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय में 403 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। प्रशासन ने सभी सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को परीक्षा केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।