एटा। चलती ट्रेन पर पत्थर फेंकना गंभीर अपराध है। ऐसा करने वालों को रेलवे अधिनियम के तहत 10 साल तक की जेल और जुर्माने की सजा हो सकती है। इसको लेकर रविवार को जीआरपी ने थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव बारथर में जागरूकता गोष्ठी आयोजित की। इसमें करीब 70 से 75 ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया।
पुलिस महानिरीक्षक रेलवे जोन प्रयागराज के आदेश पर आयोजित गोष्ठी में जीआरपी एटा के थाना प्रभारी सलमान अली ने ग्रामीणों को रेलवे अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चलती ट्रेन पर पत्थर फेंकने से यात्रियों को गंभीर चोट लग सकती है। कई बार ऐसी घटनाएं जानलेवा भी साबित हो सकती हैं।
उन्होंने रेलवे अधिनियम की धारा 152, 153, 154 और 175 के तहत होने वाली कार्रवाई के बारे में बताया। कहा कि पत्थर फेंकने वालों के साथ ऐसी घटनाओं को जानबूझकर बढ़ावा देने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
जीआरपी ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को रेलवे ट्रैक के आसपास खेलने या घूमने न दें। गांव में किसी व्यक्ति को पत्थर फेंकते देखने या ऐसी घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। इस दौरान ग्रामीणों ने रेलवे सुरक्षा में सहयोग करने का भरोसा दिलाया।