चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अलीगढ़ मंडल की अपर निदेशक डा. मंजू मलिक ने शुक्रवार को जिला पुरुष और महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान जहां उन्हें कमियां मिलीं उस पर नाराजगी जताते हुए उन्हें दुरुस्त करने के निर्देश दिए। तीन डॉक्टरों को भी सख्त चेतावनी देते हुए कार्य में सुधार के लिए कुछ समय दिया है। यदि सुधार न हुआ तो उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को लिखा जाएगा।
अपर निदेशक डॉ. मंजू मलिक सुबह एटा पहुंची। उन्होंने जिला अस्पताल के अल्ट्रासाउंड सेंटर पर जाकर महिला व पुरुष मरीजों से पूछताछ की, मरीजों ने बताया कि उनसे अल्ट्रासाउंड के पैसे ले लिए गए हैं, लेकिन रसीद नहीं दी गई है। प्रति अल्ट्रासाउंड सौ रुपये वसूले गए हैं। इस पर अपर निदेशक ने नाराजगी जताई और जिला अस्पताल के चिकित्साधीक्षक से रेडियोलॉजिस्ट डा. राजीव मोदी से जवाब तलब करने के निर्देश दिए। इसके अलावा ओपीडी, जनरल वार्ड, औषधि कक्ष आदि को भी देखा। महिला अस्पताल में गर्भवती महिलाओं एवं प्रसूताओं से मिलकर उन्होंने जानकारी की। उन्होंने इस बात पर आश्चर्य व्यक्त किया कि एक माह पहले मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ. विकास सेठी की संस्तुति पर जिला अस्पताल के रेडियोलॉजिस्ट डॉ. मोदी को तीन दिन की सेवायें महिला अस्पताल में देने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उनके द्वारा जारी इस आदेश का पालन नहीं हो रहा है। उन्होंने डॉ. सेठी को चेतावनी देते हुए कहा कि तीन दिन महिला अस्पताल में बैठकर एक्सरे करें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा जिला अस्पताल में नाक, कान गला रोग विशेषज्ञ डॉ. आरसी शर्मा द्वारा कम ऑपरेशन करने पर उन्हें सख्त हिदायत दी। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. भुवनेश सागर को भी कम मरीज आने पर सख्त चेतावनी दी।
इस मौके पर जिला अस्पताल के चिकित्साधीक्षक डॉ. प्रदीप कुमार व महिला अस्पताल के चिकित्साधीक्षक डॉ. ब्रजेश राठौर व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।