एटा में एक युवक को जान से मारने की धमकी दी गई। इस धमकी के बाद से पीड़ित दहशत में है। पुलिस ने मामले में नेकसू खान सहित 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एटा के थाना रिजोर में आलोक यादव निवासी बापूनगर कोतवाली नगर ने नेकसू खान सहित 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि इन लोगों ने खेत में पशुओं का चारा बोते समय हमला कर पीटा। दोबारा खेत पर आने पर मारकर दफनाने की धमकी देते हुए फायर कर दिया।
विज्ञापन
आलोक यादव ने बताया कि 27 मार्च को गांव निधौली खुर्द में अपनी जमीन पर पशुओं के लिए चारे की बुवाई कर रहा था। इस समय गांव के नेकसू खान, नवाब शरीफ, हसन खान, अहमद खान, अफसाना, रईसा बेगम और पांच अन्य लोग ई-रिक्शा में सवार होकर आए।
खेत पर आकर गालियां देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर हाथ में लाठी-डंडे लेकर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए भागा तो अहमद खान ने तमंचा निकालकर गोली चला दी। जो शरीर के पास से गुजर गई। गोली चलने की आवाज और शोर सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग बचाने पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए बोले कि दोबारा खेत पर नजर आए तो मारकर यहीं दफना देंगे। सीओ सकीट कृतिका सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और जांच की जा रही है।