अंगरैया जमुनाई गांव के रहने वाले विष्णु सोलंकी ने बताया कि सोमवार की रात करीब 1:00 बजे जब परिवार के लोग सो रहे थे, तभी उनके घर में चोर घुस आए। चोरों ने घर को खंगालना शुरू कर दिया। इस दौरान उनकी पत्नी सोना देवी ने आवाज सुनी, तो वो नींद से जाग गईं। सोना ने चीखने का प्रयास किया, तो चोरों ने उन्हें दबोच लिया। तेजी से सोना का दबा गला दिया, जिससे वो बेहोश हो गईं। इसके बाद चोर बक्से और अलमारी के ताले तोड़कर तीस हजार रुपये नकद और दस लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए।
कुछ देर बाद उनकी आंख खुली, तो घर का बिखरा सामान और पत्नी को बेहोश देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत ही घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अलीगंज नीतीश गर्ग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उधर पीड़ित की पत्नी को वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया गया।