एटा-टूंडला मार्ग स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके की दीवार काटकर चोर अंदर घुस गए और शराब-बीयर की पेटियां व नकदी लेकर फरार हो गए। वो पकड़ में न आ सकें, इस वजह से सीसीटीवी कैमरा भी साथ ले गए, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एटा के अवागढ़ थाना क्षेत्र के टूंडला मार्ग स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके में शुक्रवार रात चोरों ने दीवार काटकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर ठेके के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर अंदर घुसे और वहां रखी शराब व बीयर की कई पेटियां तथा दिनभर की बिक्री की नकदी लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद ठेके के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी चोर अपने साथ ले गए, जिससे कोई सबूत न मिल सके।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार एटा-टूंडला मार्ग पर स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके के पीछे की दीवार को चोरों ने रात में बड़ी ही सटीकता से काटा और अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद ठेके में रखी शराब और बीयर की पेटियों के साथ काउंटर में रखा पूरा नकद अपने साथ ले गए। शनिवार सुबह जब ठेके के सेल्समैन ने दुकान खोली तो अंदर का सामान अस्त-व्यस्त देखकर उसे शक हुआ। उसने तुरंत स्टोर रूम की तरफ जाकर देखा तो वहां की दीवार कटी हुई मिली। इसके बाद उसने तुरंत ठेका मालिक प्रवीन कुमार गुप्ता को सूचना दी और डायल 112 पर पुलिस को फोन किया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ठेके के पीछे काफी बड़ा खाली क्षेत्र पड़ा हुआ है, जहां चारों तरफ से आने-जाने का रास्ता है। साथ ही वहां झाड़-झंखाड़ और बबूल के पेड़ खड़े होने के कारण इलाका जंगल जैसा दिखाई देता है। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने आराम से वारदात को अंजाम दिया।
विज्ञापन
ठेका मालिक प्रवीन कुमार गुप्ता ने बताया कि अभी रजिस्टर का मिलान किया जा रहा है, जिसके बाद ही सही नुकसान का पता चल सकेगा। हालांकि अनुमान लगाया जा रहा है कि चोरी में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। थाना अध्यक्ष अवागढ़ अखिलेश कुमार दीक्षित ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। चोर चाहे कितने भी शातिर क्यों न हों, उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा और घटना का शीघ्र खुलासा किया जाएगा।