मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में बुधवार को मरीजों को देखते चिकित्सक।
- फोटो : मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में बुधवार को मरीजों को देखते चिकित्सक।
एटा। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी से लेकर ओपीडी तक उल्टी-दस्त के मरीजों की भरमार है। काफी संख्या में बच्चों से लेकर बड़े तक उल्टी-दस्त से पीड़ित होकर उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। बुधवार को इमरजेंसी में 10 और ओपीडी में लगभग 300 मरीज उल्टी-दस्त से पीड़ित पहुंचे।
लगातार बढ़ रही गर्मी की वजह से लोग बीमार पड़ रहे हैं। धूप में चलकर घर या कार्यालय पर पहुंचते ही ठंडा पानी पीने की वजह से उल्टी और दस्त का शिकार हो रहे हैं। इसके अलावा बाजार में सड़क किनारे व्यक्ति कटे हुए फल खाने और बर्फ डालकर जूस पीने से भी लोग बीमार पड़ रहे हैं। डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है, जिसकी वजह से रोगियों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
दूषित खान-पान और कम पानी पीने की वजह से लोग उल्टी और दस्त की बीमारी से ग्रसित हो रहे हैं। इससे बचने के लिए ताजा पानी पिएं, कटे और काफी देर से रखे हुए फल न खाएं। धूप में शरीर को ढककर और सिर पर छाता लगाकर निकले। धूप यार गर्मी से आने के बाद तत्काल ठंडा पानी न पिएं। बर्फ डालकर कोई भी पेय पदार्थ या जूस का प्रयोग न करें।
बुधवार को मेडिकल कॉलेज की ओपीडी के मेडिसिन विभाग में लगभग 600 मरीज चिकित्सक को दिखाने पहुंचे। इसमें से 300 मरीज उल्टी और दस्त से पीड़ित थे। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भी पूरे दिन में 10 मरीज इसी प्रकार की समस्या पेट दर्द, उल्टी और दस्त से ग्रसित पहुंचे। सभी मरीजों का उपचार किया जा रहा है। इसके अलावा बच्चा वार्ड में 15 बच्चे डायरिया और बुखार से पीड़ित भर्ती हैं।