हर साल बरसात से पहले नालों की सफाई का कार्य पूरा हो जाता है, लेकिन इस बार अभी तक यह पूरा होता नहीं दिख रहा है। कई इलाके ऐसे हैं, जहां के लोग हर बार जलभराव की समस्या से जूझते हैं। पालिका द्वारा यहां जलभराव न हो ऐसे कोई स्थायी प्रबंध नहीं किए गए हैं। शहर के हाथी गेट, प्रेम नगर स्थित वर्णी जैन इंटर कालेज के पास, कैलाशगंज, ठंडी सड़क, रेलवे रोड ऐसे इलाके हैं, जहां के लोग हर बारिश में जलभराव की समस्या से जूझते हैं। विजयनगर में तो घर के अंदर तक पानी घुस जाता था।
ऐसे में लोगों को खासी परेशानी होती थी, लेकिन हाल ही में मेन सीवर लाइन सही करा दिए जाने से इस बार ऐसे हालत यहां बनते दिखाई नहीं दे रहे हैं, जबकि कोतवाली सिटी, जिला अस्पताल, पालिका परिसर आदि स्थानों पर बरसात में पानी भरा रहता है। कर्मचारियों को खासी दिक्कत होती है, लेकिन अभी तक यहां की समस्या को दूर नहीं कराया गया है, जबकि पिछले दिनों डीएम निधि केसरवानी के निरीक्षण में इस समस्या का निदान कराए जाने के पालिका प्रशासन को निर्देश दिए थे।
वर्तमान में नालों की सफाई के लिए लगाए गए कर्मचारियों द्वारा बस स्टैंड, आगरा रोड आदि स्थानों पर नालों की सफाई का कार्य पूरा कर लिया है। जीटी रोड पर जेएलएन डिग्री कालेज के पास नालों की सफाई हो रही है। पालिकाध्यक्ष राकेश गांधी का कहना है कि मानसून से पहले शहर के सभी नालों की सफाई हो जाएगी। कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ा दी गई है। इस बार लोगों को जलभराव की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा।