एटा। थाना निधौली कलां के गांव अहरमई में 1 अक्तूबर की रात चोरों ने दो घरों के ताले तोड़ डाले। लाखों रुपये की चोरी करके फरार हो गए।
गांव अहरमई निवासी तेजवीर सिंह ने बताया कि 1 अक्तूबर की रात लगभग 12 बजे तक पिता सूबेदार, छोटे भाई की पत्नी श्वेता और पुत्र सूर्या जागते रहे। उसके बाद सो गए। 2 अक्तूबर की सुबह देखा तो घर के तीन कमरों के ताले टूटे हुए थे। कमरों में रखे तीन बक्से व दो अलमारी के भी ताले तोड़े गए और सारा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि एक सोने का गले का हार, लोंग, मंगलसूत्र, अंगूठी, सोने की चूड़ियां, बाजूबंद, हथफूल, चेन, सुई धागा, चांदी की पायल गायब थीं। 4500 रुपये भी चोर चुराकर ले गए।
वहीं, पड़ोस के तेजवीर सिंह की माता शकुंतला देवी 1 अक्तूबर को घर का ताला लगाकर अपने छोटे बेटे के घर एटा चली गईं थीं। 2 अक्तूबर की सुबह 7 बजे नाती हर्ष यादव ने आकर देखा तो कमरों के ताले टूटे हुए थे। दो अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर सामान बाहर फेंका गया था। देखने पर पता चला कि हथफूल, अंगूठी, सीतारानी, चूड़ी, सोने की चेन, करधनी और चांदी की पायल के साथ ही 10000 रुपये भी चोरी हो चुके थे। सीओ जलेसर कृष्ण मुरारी दोहरे ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।