अवागढ़ पुलिस की गिरफ्त में हत्यारोपी। स्रोत पुलिस
एटा। गांव जिनावली में 20 अक्तूबर की रात में एक युवक की हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया गया था। अगले दिन रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुट गई। बृहस्पतिवार को पुलिस ने एक पल्लेदार सहित 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अवागढ़ थाना क्षेत्र के गांव जिनावली में 21 अक्तूबर की सुबह खेत में एक युवक का शव मिला था। उसके गले में पराली का फंदा लगा मिला था और शरीर पर चोट के भी निशान थे। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए थे। मृतक पिंटू के पिता देवराज ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
एसएसपी के निर्देश पर गठित की गई टीमों ने लगातार प्रयास के साथ ही गहनता के साथ घटना की जांच-पड़ताल की। सीओ जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप ने बताया कि बृहस्पतिवार को हत्यारोपी शिशुपाल और संजय निवासी नगला रामजीत को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके पास से एक बाइक भी बरामद की गई है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि पिंटू के पास कुछ रुपये थे। इसी वजह से विवाद हुआ और हाथापाई के बाद पल्लेदार शिशुपाल व दूधिया संजय ने मिलकर पिंटू की हत्या कर दी।
पहले पी शराब फिर की हत्या
थाना प्रभारी अवागढ़ अखिलेश दीक्षित ने बताया कि शिशुपाल आगरा में पल्लेदारी करता है और संजय गांव में ही दूध बेचता है। दिवाली की रात दोनों शराब की तलाश में आए थे। कहीं बात नहीं बनी तो लौटते समय गांव जिनावली पहुंचे। वहां किसी ने इनको शराब उपलब्ध कराई। इसके बाद पिंटू के साथ मिलकर शराब पी और पास में अन्य लोगों के साथ संजय जुआ खेलने लगा। इतने में शिशुपाल और पिंटू वहां से लगभग 200 मीटर दूर खेतों की ओर चले गए। पिंटू के पास लगभग 5000 रुपये थे। इसी कारण शिशुपाल और उसके बीच विवाद हो गया। कुछ देर बाद संजय भी वहां पहुंच गया और मिलकर पिंटू को पीटा। फिर पराली के फंदे से गला घोंटकर हत्या कर दी।