एटा। कचहरी पर दहेज उत्पीड़न के मुकदमे की तारीख करने आई महिला को ससुरालीजन ने बाल पकड़कर पीट दिया। इसका किसी ने वीडियो बना लिया और वायरल कर दिया। महिला अधिवक्ताओं पर भी पीटे जाने का आरोप लगा रही है।शहर के मोहल्ला रेवाड़ी निवासी ललिता ने बताया कि ससुरालीजन द्वारा किए गए उत्पीड़न का पांच वर्ष पूर्व मुकदमा दर्ज कराया था, जो अदालत में विचाराधीन है। इसकी बृहस्पतिवार को तारीख थी तो पिता के साथ कचहरी आई। दोपहर करीब 1:30 बजे कचहरी चौराहा पर जेठ सनी, देवर गुड्डू, विकास, छोटेलाल और धीरेंद्र कुमार अग्रवाल ने घेर लिया और गालीगलौज करने लगे।
महिला का आरोप है कि सभी ने एकराय होकर कहा कि मुकदमे की पैरवी करना बंद कर दें, नहीं तो जान से मार देंगे। विरोध किया तो जेठ ने बाल पकड़े व अन्य ने लात घूंसों से पीटा। आरोप है कि मारपीट में वकील भी साथ थे। इसका किसी ने वीडियो बना लिया।
इसमें महिला के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही और महिला अपने बचाव में चिल्ला रही है। कोतवाली नगर प्रभारी सुधीर सिंह राघव ने बताया कि महिला की ओर से मिली तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है।