एटा। एक गांव निवासी महिला ने एक युवक पर झांसे में लेकर आपत्तिजनक वीडियो बनाने और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ थाना मिरहची में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मिरहची थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने प्राथमिकी में लिखा है कि 1 अगस्त 2024 से 30 जून 2025 तक एक युवक ने झांसे में लेकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वीडियो कॉल व अन्य माध्यमों से आपत्तिजनक फोटो बनाए और ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। बात न मानने पर यह फोटो मायके पक्ष में जानने वाले लड़कों के पास भेज दिए।
इसके बाद कुछ रुपये फोन पे के माध्यम से डलवाए और बाद में घर पर आकर मां से 20 हजार रुपये ले गए। इतने से भी मन नहीं भरा तो अब जान से मारने की धमकी देते हैं। सीओ सदर संकल्पदीप कुशवाह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना की गहनता के साथ छानबीन की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।