गुरुवार रात कुछ देर चलीं तेज हवाओं के बाद शुक्रवार सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद फिर बिगड़ गया। काले बादल छाने के साथ तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। तेज आंधी से जगह-जगह होर्डिंग्स और पेड़ गिर गए। कोई जनहानि की सूचना नहीं है। बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। सड़कों पर भी कुछ देर के लिए यातायात रुक गया। लोग आंधी-बारिश से बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे। करीब आधा घंटे बाद स्थिति सामान्य हुई। हल्के ओले भी पड़े हैं। तापमान में गिरावट आई।
शुक्रवार सुबह से निकली चटक धूप से अकुलाए लोग दोपहर बाद चली आंधी से दो चार रहे। धूल भरी तेज हवाओं से अफरा तफरी मच गई। मैदानों से लेकर सड़कों तक धूल के गुबार थे। तेज हवा से दर्जनों स्थानों पर पेड़ गिरे। वहीं दर्जनों स्थानों पर होर्डिंग और टीन शेड भी उड़ गए। इससे परेशान लोगों को रास्ते में रुकना पड़ा। जीटी रोड पर वाहनों की गति थम गई। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को तो कुछ देर के लिए रुकना पड़ गया। बाजारों में भी अफरा तफरी मच गई। दुकानों के बाहर लगा सामान उड़ने लगा। बारिश के चलते शहर में हल्के ओले भी गिरे।
दूसरी ओर, हल्के ओलों के साथ हुई बरसात से जायद किसानों की धड़कनें बढ़ गईं, उन्हें बेलदार फसलों-सब्जियों की चिंता सताने लगी है, लेकिन कुछ ही देर तक रहे ओलों के बाद राहत की सांस ली।
घंटों ठप रही बिजली
बिजली आपूर्ति आंधी के बाद और बदहाल हो गई। शहर के कई क्षेत्रों में घंटों आपूर्ति नहीं हो सकी। ग्रामीण अंचल में तो और भी बुरा हाल था। यहां तार टूटने और खंभे टूटने की घटनाओं के चलते आपूर्ति नहीं हो सकी।
मात्र 8-10 घंटे मिल रही बिजली
जलेसर। बिजली अव्यवस्था पिछले एक सप्ताह से जारी है। ताज ट्रिपेजियम क्षेत्र जलेसर में उद्योग धंधे चौपट हैं। पेयजल व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। मात्र आठ घंटे बिजली मिल रही है वो भी टुकड़ों में।
सुबह ही हैंडपंपों पर लोगों की लाइन लग जाती है। रात आठ बजते ही बिजली व्यवस्था भंग हो जाती है। जो देर रात 12 बजे ही सुचारु हो पाती है। वहीं पूरे दिन में आंख मिचौली का खेल जारी रहता है।
भाकियू का बेरनी स्टेशन पर घेराव आज
पिछले एक माह से बेरनी बिजली स्टेशन पर किसानों को मात्र चार पांच घंटे सप्लाई मिलने, नाहरपुर-नगला पृथ्वी में फुंकी डीपी बदलवाने की मांग को लेकर भाकियू भानू द्वारा चेतावनी एवं उपजिलाधिकारी को दिये ज्ञापन के बावजूद विद्युत व्यवस्था में सुधार न होने के कारण भाकियू भानू के नेतृत्व में शनिवार को बेरनी विद्युत स्टेशन पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन प्रारंभ किया जाएगा। यह जानकारी भाकियू भानू के प्रदेश सचिव ओमकार सिंह यादव ने दी है।
सकरौली में फुंका है आठ दिन से ट्रांसफार्मर
तहसील के सबसे बड़ी ग्राम सभा सकरौली में पिछले आठ दिनों से ट्रांसफार्मर फुंका पड़ा है। तमाम प्रयासों के बाद भी ट्रांसफार्मर न बदले जाने ग्रामीणों में रोष है। फुंके ट्रांसफार्मर को लेकर भाकियू भानू युवा इकाई के जिलाध्यक्ष सतेंद्र सिंह ठाकुर ने सकरौली में प्रदर्शन कर विभाग को चेतावनी दी है कि यदि तीन दिवस में ट्रांसफार्मर न बदला गया तो इसोली विद्युत स्टेशन पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
गुरुवार की रात एक अज्ञात वाहन ने बिजली के पोल में टक्कर मार दी। इससे तार आपस में भिड़ने से निधौली रोड पर लगा 630 केवी का ट्रांसफार्मर फुंक गया। इससे कई इलाकों की रात से ही बिजली गुल हो गई। शुक्रवार की सुबह लोग पीने के पानी तक को तरस गए। हालांकि दोपहर को विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था कर आपूर्ति सुचारू कराई, लेकिन अभी तक दूसरा ट्रांसफार्मर नहीं रखा गया है।
एक तो गर्मी के चलते लोग वैसे ही परेशान हैं ऊपर से आए दिन किसी न किसी कारण के चलते ट्रांसफार्मर फुंकने या फिर तार टूटने के चलते बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। गुरुवार की रात पौने 10 बजे एक अज्ञात वाहन ने बिजली के पोल में टक्कर मार दी। इससे तार आपस में भिड़ गए और निधौली रोड पर लगा विभाग का 630 केवी का ट्रांसफार्मर धू-धू कर जल उठा। ट्रांसफार्मर से उठती आग को देखकर लोग भी दहशत में आ गए। बाद में किसी तरह आग पर काबू पाया गया। ट्रांसफार्मर फुंकने से निधौली रोड, श्रृंगार नगर व अशोक नगर के कुछ इलाकों की बिजली गुल हो गई। उक्त इलाके के लोगों ने पूरी रात गर्मी में काटी।
सुबह बिजली न आने से लोग पीने के पानी को तरस गए और हैंडपंपों पर पानी भरते नजर आए। दोपहर को विभाग ने दूसरे ट्रांसफार्मर से कुछ-कुछ देर के लिए उक्त क्षेत्र को आपूर्ति दी। ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त करने की विभाग ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कोतवाली नगर में तहरीर ही है। अवर अभियंता प्रवीण प्रताप सिंह ने बताया कि दूसरा ट्रांसफार्मर रखवाया जा रहा है जल्द आपूर्ति पूरी तरह से सुचारू हो जाएगी।
भीषण गर्मी में रुला रही बिजली
राजा का रामपुर। भीषण गर्मी में बिजली ने लोगों की नींद हराम कर दी है। न तो रात्रि में ही लोगों को बिजली सही तरह से मिल पा रही है और न ही दिन में। राजा का रामपुर को बमुश्किल चार घंटे बिजली मिल पा रही है वे भी ट्रिपिंग के साथ। अधिकारी से कटौती का रोस्टर नहीं बता पा रहे हैं।
कस्बा निवासी महावीर सिंह, सत्यप्रकाश, लखनलाल, चंदगीराम, विपिन, देशराज, मानसिंह, मनोज गुप्ता, दिनेश प्रकाचंद्र आदि ने आपूर्ति में सुधार की मांग की है।