मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में डिब्बे में बंद सांप दिखाता हुआ व्यक्ति। संवाद
एटा। गांव कायथा थाना नारखी जिला फिरोजाबाद निवासी एक युवती को सर्प ने डस लिया। जानकारी मिलते ही चाचा मुरारीलाल मौके पर पहुंचे। यहां अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर सांप को एक डब्बे में बंद करके मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी ले आए।
गांव कायथा निवासी मुरारीलाल ने बताया कि 18 वर्षीय भतीजी लक्ष्मी सोमवार को शाम के समय खेत पर शौच के लिए जा रही थी। रास्ते में सर्प ने उसके पैर में डस लिया। भतीजी की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजन को सूचना दी। वहां पहुंचकर देखा तो भतीजी को काटने के बाद सर्प सुस्ती की हालत में पड़ा हुआ था। यह देखकर सांप को एक प्लास्टिक के डिब्बे में बंद कर लिया। भतीजी के साथ ही सर्प को भी अस्पताल ले आए। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में उपचार के बाद लक्ष्मी की सेहत में सुधार हुआ तो घर ले आए।
मुरारीलाल ने बताया कि सांप को पकड़कर लाने का मुख्य उद्देश्य चिकित्सक को दिखाना था ताकि पता चल सके कि सांप कौन सी प्रजाति का है और इसमें कितना जहर होता है। जब भतीजी का इलाज करा के घर लौट रहे थे तो रास्ते में सर्प को खेत में छोड़ दिया। बताया कि सफेद रंग का सांप था। इसे आमतौर पर घोड़ापछाड़ या धामिन कहा जाता है।