जलेसर। कस्बा के एक मोहल्ला निवासी दलित किशोरी को अगवा कर धर्मांतरण की कोशिश करने के आरोपी को पीड़िता की मां ने शनिवार को पीट दिया।
आरोपी ने एक वर्ष पूर्व किशोरी को जबरन धर्मांतरण के लिए अगवा करने की कोशिश की थी। जमानत पर छूटने के बाद शनिवार को आरोपी ने पीड़िता के भाई को घेरकर जान से मारने की धमकी दी।
कस्बा के मोहल्ला किरी निवासी फैजान के खिलाफ 3 नवंबर 2024 को पीड़ित किशोरी के पिता ने कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि फैजान ने खेतों पर काम करने जा रही उनकी बेटी को चाकू दिखाकर अगवा किया और छोटी बहन को डरा धमकाकर भगा दिया था।
मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर फैजान को जेल भेज दिया था। फैजान दो दिन पूर्व ही इस मामले में जमानत पर जेल से निकला था।