एटा। थाना जैथरा क्षेत्र में एक महिला का झांसे में लेकर पूर्व प्रधान ने सरकारी नौकरी के नाम पर यौन शोषण किया। घटना से संबंधित सभी सबूत एक पेन ड्राइव में लेकर पीड़ित महिला ने पुलिस को सौंपे हैं। इसके बाद पुलिस ने कोर्ट में महिला के बयान कराने के बाद कार्रवाई तेज कर दी है।
थाना प्रभारी जैथरा शंभू नाथ ने बताया कि एक महिला ने सरकारी नौकरी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप लगाया है कि गांव नगला लीलाधर निवासी पूर्व प्रधान हरिकेश वर्मा ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और फोटो व वीडियो भी ले लिए। उन्हीं को वायरल करने की धमकी देते हुए ब्लैकमेल किया।
इसके बाद फोन पे व नकद के माध्यम से 70 हजार रुपये भी ले चुका है। बताया कि आरोपी हरिकेश वर्मा ब्लाॅक जैथरा की ग्राम पंचायत खिरिया बनार से 2015-20 तक ग्राम प्रधान रह चुका है और किसी राजनीतिक पार्टी से भी जुड़ा है। प्रधानी के समय से ही महिला आरोपी के संपर्क में आई थी।
महिला की ओर से दिए गए साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए मामले की गहनता के साथ जांच-पड़ताल की जा रही है। इसके साथ ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। -सुधांशू शेखर, सीओ अलीगंज