एटा। बारिश के बाद उमस भरी गर्मी से लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। बृहस्पतिवार को पूरे दिन बारिश नहीं हुई और तेज धूप निकली। ऐसे में स्कूली बच्चों के चेहरे पसीना पोंछने से लाल हो गए। इनके अलावा हर आयु वर्ग के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
उमस की वजह से कहीं पर भी राहत मिलती नजर नहीं आई। हर जगह लोग पसीने से तर देखे गए। पसीना अधिक आने के कारण शरीर पर भी प्रतिकूल असर पड़ा। कूलर और पंखे की हवाओं से राहत नहीं मिलती दिखी। लोगों ने बैचेनी महसूस की और बाजारों में भी दोपहर के समय सन्नाटा पसरा रहा। घरों से बाहर निकलने की लोग हिम्मत नहीं जुटा पाए।
सबसे ज्यादा बुरा हाल बच्चों का देखा गया जो विद्यालयों की छुट्टी होने के बाद बाहर निकलने से परेशान होते देखे गए। इनको अभिभावकों की ओर से सहारा देने का प्रयास किया, लेकिन जो बच्चे स्कूल वाहनों से निकले उनकी हालत कुछ ज्यादा ही खराब रही। क्योंकि स्कूल वाहनों में बच्चों की संख्या क्षमता से अधिक होती है ऐसे में गर्मी का असर भी ज्यादा रहा। मौसम वैज्ञानिक डाॅ. सुनील कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को बारिश होने के आसार हैं, लेकिन दोपहर में धूप भी निकल सकती है।