ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए एक अच्छी खबर है। अलीगंज में काफी समय से प्रस्तावित स्टेडियम के लिए जगह मिल गई है। शासन ने प्रस्ताव मांगा है जिसे बनाकर भेजा जा रहा है। वहीं कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम के अधिकारियों ने गत दिवस यहां आकर जगह का अवलोकन किया। इस स्टेडियम के निर्माण पर लगभग तीन करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। उक्त स्टेडियम में खेलकूद की हर सुविधा होगी।
बता दें कि जिला खेल कार्यालय द्वारा शहर में क्रिकेट स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव शासन को पिछले साल भेजा गया था। शासन से स्वीकृति भी मिल गई, लेकिन स्थानीय प्रशासन आज तक जगह उपलब्ध नहीं कराया पाया है। इसके चलते क्रिकेट स्टेडियम बनना अधर में लटका है। दूसरी ओर 19 दिसंबर 2012 को अलीगंज आए प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने क्षेत्र के लोगों की मांग व विधायक रामेश्वर सिंह यादव की पहल पर यहां स्टेडियम बनाए जाने की घोषणा की थी।
इसके बाद स्थानीय अधिकारियों ने ईदगाह के पास जगह चिन्हित की थी, लेकिन वन विभाग ने जगह अपनी बताते हुए देने से इंकार कर दिया था, इसके बाद स्टेडियम के लिए दूसरी जगह तलाश की जा रही थी, लेकिन जगह न मिलने से इसका निर्माण भी शुरू नहीं हो पा रहा था।
जिल खेल कार्यालय के अधिकारियों के मुताबिक, कायमगंज रोड पर कंचनपुर आहते नंबर वन जाने वाले मार्ग पर 100 बीघा जमीन मिल गई है। इस पर स्टेडियम का निर्माण होगा। शासन ने इसके लिए प्रस्ताव मांगा है जिसे बनाकर भेजा जा रहा है, जल्द ही धनराशि स्वीकृत होते ही इसका निर्माण शुरू हो जाएगा। राजकीय निर्माण निगम के अधिकारी भी जगह को देख गए हैं। सबसे पहले यहां बाउंड्रीवाल व प्रशासनिक भवन का निर्माण होगा।
उसके बाद बैडमिंटन हॉल व अन्य कार्य संपन्न होंगे। स्टेडियम बनने के बाद क्षेत्र के खिलाड़ी यहां आकर अभ्यास कर सकेंगे, वहीं यहां होने वाले खेलकूद में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का भी प्रदर्शन कर पाएंगे। क्योंकि स्टेडियम के अभाव में ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका नहीं मिल रहा है।
स्टेडियम के लिए जगह मिल गई है। इसके निर्माण पर लगभग तीन करोड़ रुपये खर्च होंगे। शासन ने प्रस्ताव मांगा है, जल्द ही यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
-राजवीर सिंह, वरिष्ठ सहायक, जिला खेल कार्यालय, एटा।