जिले में सोमवार को आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने सात सूत्रीय मांगों के लिए कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उधर, हौसला पोषण योजना शुरू होने पर ग्रामीण अंचलों में आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्भवती महिलाएं और अतिकुपोषित बच्चे गर्म खाने का इंतजार करते रहे।
प्रदेश सरकार ने गर्भवती महिलाओं और अतिकुपोषित बच्चों की सेहत सुधारने के लिए हौसला पोषण योजना लागू की है। इसके तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्भवती महिलाएं को गर्म खाना और अतिकुपोषित बच्चों को घी का वितरण किया जाना है। सोमवार को जिले में योजना को शुरू किया गया, लेकिन आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के विरोध के चलते जिले के कई केंद्राें पर योजना का शुभारंभ नहीं हो पाया। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने अपनी मांगों के लिए कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान आंगनबाड़ी संघ की अध्यक्ष मीना शर्मा ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां अस्पताल और पल्स पोलियो के अलावा कोई कार्य नहीं करेंगी। माधुरी पांडेय ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियमित करने और बकाया मानदेय का नियमित भुगतान करने की मांग की। आंगनबाड़ियों ने मांगों के पूरा न होने तक अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है। संगीता, सुनीता, मधु, सुदामा, सरिता, सुशीला, पुष्पा, छाया, सुमन, मनोरमा, विमला, अनीता देवी समेत तमाम कार्यकत्रियां मौजूद रहीं। जिले के अलीगंज, जैथरा, अवागढ़, सकीट, मारहरा में योजना के तहत गर्म भोजन वितरित किया गया। वहीं शीतलपुर और निधौलीकलां ब्लॉक में सात-आठ केंद्रों पर भी योजना शुरू न हो सकी। जिला कार्यक्रम अधिकारी अमर बहादुर सिंह ने बताया कि हौसला पोषण योजना शुरू हो चुकी है। कुछ केंद्रों पर गर्म खाने का वितरण शुरू न हो सका। इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही है। जो कार्यकत्रियां केंद्रों से गायब रही हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हौसला पोषण योजना की विसंगति की जाए दूर
कासगंज। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं की समस्याओं को रखा गया। इन समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के सामने काफी समस्याएं हैं। उनको जो मानदेय दिया जाता है वह काफी कम है। हौसला पोषण योजना के तहत भोजन बनाने की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान को दी गई है जबकि स्टॉक एंट्री करने का कार्य आंगनबाड़ी कार्यकत्री के जिम्मे रहेगा। इस विसंगति को दूर किया जाए। इस दौरान पुष्पा पाठक, राधा रानी, बीना शर्मा, शालिनी माहेश्वरी, गीता, सुध, पूजा रानी, विजय लता, मिथलेश, लक्ष्मी, रेनू, रत्ना, गायत्री, अनीता, मौजूद रही।