एटा - जैथरा क्षेत्र में टिकाथर के पास काली नदी किनारे लगे बालू के ढेर।
- फोटो : ETAH
एटा। काली नदी से खनन रोके जाने के दावों के बीच अमर उजाला की पड़ताल में हकीकत सामने आई है। नदी के किनारे भारी मात्रा में बालू डंप की जा रही है। इसके ढेर लगा दिए गए हैं। मांग के अनुसार रेत माफिया इसकी आपूर्ति करते हैं। जैथरा थाना क्षेत्र में गांव टिकाथर के पास अमर उजाला की टीम ने जब रात के अंधेरे में पड़ताल की तो माफियाओं की कारगुजारी देखने को मिली। अमर उजाला द्वारा चलाए जा रहे अभियान के चलते सख्ती बढ़ने से अब सड़क किनारे खनन हल्का हो गया है। टिकाथर गांव से करीब दो किमी अंदर जाकर नदी के किनारों को निशाना बनाया जा रहा है। नदी किनारे पहुंचने के लिए यहां सामान्य रास्ते नहीं हैं।
खेतों के किनारों पर ही ट्रैक्टर-ट्रॉली दौड़ाई जा रहीं हैं। रात के अंधेरे में जब सब सो जाते हैं तो माफिया जागते हैं और खोदाई शुरू की जाती है। इतना जरूर है कि जेसीबी मशीन पहुंचने का रास्ता नहीं है तो मजदूरों के जरिये ही खोदाई कराई जा रही है। किनारे पर ढेर लगा दिए जाते हैं। जिन्हें दिन में ट्रॉली में भरकर दुकानों पर या मांग वाली जगहों पर भिजवाया जाता है। अमर उजाला टीम पहुंची तो पहले पूछताछ फिर रोक-टोक की कोशिश की गई। बाद में ये मजदूर यहां से हट गए। एडीएम वित्त एवं राजस्व सुनील कुमार सिंह ने बताया कि काली नदी से संबंधित थानों की पुलिस और एसडीएम को कड़े निर्देश दिए गए हैं। किसी भी हाल में खनन न होने की बात कही गई है। संवाद
पिकेट लगाकर ट्रैक्टरों पर रखी नजर, गड्ढे कर रास्ते बंद कराए
जैथरा। अमर उजाला द्वारा काली नदी से उठाए गए बालू खनन के मुद्दे पर जैथरा थाना पुलिस संजीदा हो गई है। एटा-अलीगंज मार्ग पर काली नदी और बिजलीघर के पास नई पिकेट बना दी गई है। यह व्यवस्था रविवार शाम से लागू कर दी गई। रात भर ट्रैक्टर-टॉली पर नजर रखी गई। हालांकि पुलिस कार्रवाई की भनक लगने पर माफिया बालू खनन करने पहुंचे ही नहीं। इसके अलावा पुलिस ने काली नदी पुल मरघट और टिकाथर की ओर नदी वाले रास्तों पर जेसीबी से गड्ढे कराकर रास्ते बंद करा दिए। संवाद
पेट्रोलिंग के लिए बनाई टीम
जैथरा। थानाध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के तीन स्थानों से खनन की सूचना मिली है। इन तीनों ही स्थानों पर पेट्रोलिंग कर नजर रखी जाएगी। इसके लिए एक-एक मुख्य आरक्षी, आरक्षी और होमगार्ड जवान को पेट्रोलिंग करने की जिम्मेदारी दी गई है। संवाद