राजा का रामपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम बिल्सड़ पट्टी में शनिवार देर शाम करीब 50 वर्ष पुराने मकान की छत भरभरा कर गिर गई। गनीमत रही कि उस समय कोई मकान में नहीं था जिसकी वजह से परिवार बाल-बाल बच गया।
मकान स्वामी रक्षपाल ने बताया कि शनिवार देर शाम वह अपने परिवार के साथ घर के बाहर टिन शेड में बैठे थे। तभी अचानक से मकान की छत तेज आवाज के साथ गिर गई। बताया कि वह अपनी 62 वर्षीय मां रामवती, पत्नी और 5 बेटियों के साथ इसी मकान में रहते हैं।
इसमें रखा हजारों रुपये का घरेलू सामान दब गया। जैसे ही मकान गिरने की तेज आवाज हुई तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और सामान को निकालने में मदद की। सूचना पर पहुंची राजस्व विभाग की टीम ने नुकसान का आकलन किया है।