एटा। ऑनलाइन शॉपिंग कोरियर कंपनी के एक कर्मचारी ने शनिवार को ढाई लाख रुपये लूटे जाने की रिपोर्ट मलावन थाने में दर्ज कराई थी। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया है। बताया कि कर्मचारी ने रुपये हड़पने की नीयत से छिपा दिए और लूट की रिपोर्ट दर्ज करा दी। उसे जेल भेजा गया है।
सोमवार को पुलिस लाइन के सभागार में एसएसपी उदय शंकर सिंह ने बताया कि नौ मार्च को मलावन निवासी दीपक मिश्रा ने 11.30 बजे मलावन थाने में पहुंचकर सूचना दी कि छछैना पुल पर उससे 2.48 लाख रुपये लूट लिए गए हैं। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने आसपुर टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की। जहां पुलिस को सुबह 10:14 पर दीपक टोल प्लाजा पार करते हुए दिखाई दिया। इसी से पुलिस का शक गहरा गया। सख्ती से पूछताछ की तो उसने राज खोल दिया।
एसएसपी ने बताया कि दीपक ने दो कंपनियों से अपने परिचित उमेश के 2.48 लाख रुपये प्राप्त किए थे। शनिवार सुबह 9.20 बजे कचहरी रोड एटा से नकदी लेकर वह सीधे मलावन गया, रास्ते में कहीं भी न रुका और न कहीं गया। छछैना पुल पर समय करीब 10 बजे घटना होने की बात कही। एसएसपी ने बताया कि युवक पर करीब एक लाख रुपये का कर्जा है। वह सट्टा आदि भी लगाता है। इसी के उद्देश्य से उसने रुपये हड़पने की योजना बनाई थी।